वैशाली में बाढ़ का पानी घटा, 32 पंचायतों और 93 गांवों में अब भी असर; राहत कार्य जारी
वैशाली। जिले में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी घटने लगा है, हालांकि अब भी जिले की 32 पंचायतों और 93 गांवों पर बाढ़ का असर बना हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 19,684 ड्राई राशन पैकेट वितरित किए जा चुके हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को तत्काल खाद्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पानी कम होने के साथ ही प्रभावित इलाकों में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं। लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
