District News

दालान के पास रोड़ेबाजी के बाद फायरिंग पेट में गोली लगने से युवक जख्मी

SANJAY KUMAR October 3, 2026 31 views

 चंडी। थाना क्षेत्र के भटन्ना बिगहा गांव में शनिवार को पूर्व विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच रोड़ेबाजी के बाद फायरिंग हो गई। गोली लगने से सुलेन्द्र गोप गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गोली उनके पेट में लगी है। जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुलेन्द्र गोप गांव के चौकीदार सिकंदर गोप के भतीजे बताए जाते हैं।

परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह घास गढ़ने को लेकर मुकेश, मुसाफिर और धर्मवीर से विवाद हुआ था। इसके बाद दोपहर में चौकीदार के भाई मास्टर महेंद्र प्रसाद श्राद्ध कर्म के सिलसिले में जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में उन्हें घेरकर मारपीट की गई।

RED GROWTH SYRUP

शोर सुनकर पास में मौजूद सुलेन्द्र गोप बीच-बचाव करने और महेंद्र प्रसाद को बचाने पहुंचे। इसके बाद दालान के पास दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली सुलेन्द्र गोप के पेट में जा लगी। गोली लगने के बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल सुलेन्द्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के समय श्राद्ध कर्म का कार्यक्रम चल रहा था, जिससे वहां भी अफरातफरी की स्थिति बन गई।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। घास गढ़ने को लेकर हुए विवाद को भी घटना की वजह बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और फायरिंग की घटनाएं होने की बात कही है।

RED GROWTH SYRUP

घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि पूर्व विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आवेदन मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles